जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). चोरी की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे एक शातिर चोर को पुलिस ने 24 घण्टों के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने शातिर चोर के पास से चोरी किये हुए नगद रुपये, सोने चांदी के आभूषण और दो मोबाइल फ़ोन भी बरामद किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि बीते कल रविवार की देर प्रार्थी अपने घर में गहरी नींद में सो रहा था. देर रात करीबन 2 बजे प्रार्थी की नींद टूट गई. अचानक उसने देखा कि एक युवक दबे पैर चुपचाप उसके घर से बाहर निकल रहा है. इसके बाद प्रार्थी ने चिल्लाया तो चोर घर के बाहर निकलकर भागने लगा. आवाज सुनकर प्रार्थी का बेटा शंकर भी उठ गया. इसके बाद प्रार्थी का बेटा चोर को पकड़ने के लिए उसके पीछे भागा. शंकर ने भाग रहे चोर को पकड़ लिया. लेकिन शातिर चोर ने अपने दांतों से शंकर के हाथ में काट लिया. जैसे ही शंकर ने हाथ छोड़ा तभी चोर वहां से फरार हो गया. प्रार्थी जब घर वापस आकर देखा तो अलमारी में रखे 20 हजार रुपये नगद, सोने चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फ़ोन और आधार कार्ड को चोर ने चुरा लिया है. इसके बाद प्रार्थी ने दरभा थाना पहुंचकर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराया. प्रार्थी ने पुलिस को चोर का हुलिया भी बताया. रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस शातिर चोर की पतासाजी में जुट गई. इस शातिर चोर को पकड़ने के लिए पुलिस ने विभिन्न जगहों पर नाकेबंदी करते हुए वहां चेकिंग करना शुरू कर दिया. नाकेबंदी दौरान पुलिस ने प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार केशलूर चौक में पैदल जा रहे एक संदिग्ध युवक पर शक करते हुए उसे पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक से कड़ाई से पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में आरोपी गोपाल साउद (20) निवासी बीजापुर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके द्वारा चुराए हुए रुपये, सोने चांदी आभूषण उसने नेंगानार के एक घर में छुपा रखा है. आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने सभी सामान बरामद कर लिया. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड में भेज दिया है.