जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). शहर के लालबाग में स्थित एक पेट्रोल पंप से सीमेंट से भरे ट्रक को चोरी करने वाले चोर को पुलिस ने घटना के 24 घण्टे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है. आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि बीते 7 नवंबर की देर रात करीबन 10 बजे ट्रक चालक रूपचंद धनकर सीमेंट बोरी से भरी अपनी ट्रक सीजी 04 एमएन 0774 को लालबाग में स्थित सोढ़ी पेट्रोल पंप में खड़ा कर अपने घर सोने के लिए चला गया. अगले दिन सुबह जब रूपचंद अपनी ट्रक लेने पेट्रोल पंप पहुंचा, तो उसने अपना ट्रक वहां से गायब पाया. आसपास पता करने के बाद भी रूपचंद को कोई ठोस जानकारी नही मिली. जिसके बाद रूपचंद ने कोतवाली थाने में ट्रक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई. रिपोर्ट दर्ज होते ही कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई. छानबीन और तकनीकी सबूतों की मदद से पुलिस संबलपुर के जंगल में पहुंच गई. इसके बाद पुलिस ने यहां से एक संदिग्ध युवक पर शक करते हुए उसे पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए युवक से कड़ाई से पूछताछ शुरू की. इस पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि उसने ही 7 नवंबर की रात जगदलपुर के सोढ़ी पेट्रोल पंप से सीमेंट से भरे ट्रक को चुराया था. चुराने के बाद उसने उक्त ट्रक को संबलपुर के जंगल में छुपा दिया था. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार नेताम (23) निवासी कोंडागांव को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से चुराया हुआ ट्रक भी बरामद कर लिया है. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है.