जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थ, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आज शुक्रवार को पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक और शातिर खाईवाल को गिरफ्तार किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कुंदालगांव में वाट्सअप के जरिये अन्य लोगों से रुपये लेकर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर के लिए रवाना हो गई. कुंदालगांव पहुंचते ही पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करते हुए उसे पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने उसके पास रखे मोबाइल फोन की जांच करते हुए उससे पूछताछ शुरू की. इस दौरान पुलिस को उसके फ़ोन से सट्टा खिलाने के सारे सबूत मिल गए. कड़ी पूछताछ में आरोपी गजेंद्र पांडे (43) निवासी नाईकगुड़ा (बस्तर) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के पास से 30 हजार रुपये नगद भी बरामद किया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद छग जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6 (क) 7 (1) के तहत कार्रवाई की है.