बड़ी खबर! बस्तर पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘बांग्लादेशी चोर गिरोह’, 6 वारदातों का खुलासा, लाखों का माल उड़ानें वाले 2 विदेशी नागरिक दबोचे

जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शहर में आतंक मचाने वाले एक अंतर्राज्यीय बांग्लादेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लगभग 20 लाख रुपये कीमती सोने-चांदी के जेवर और नगदी सहित भारी मात्रा में चोरी का सामान जब्त किया गया है.

बांग्लादेश से आकर ओडिशा में बनाया था ठिकाना !

​चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले ये दोनों आरोपी, आबुर शेख उर्फ बाबू शेख और बबलू चंद्र दास, मूल रूप से बांग्लादेश के निवासी हैं. इन्होंने पड़ोसी राज्य ओडिशा के सासाहांडी, कोरापुट में अपना ठिकाना बना रखा था और वहीं से बस्तर जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे.

गैंग का सरगना पूर्व में भी हो चुका है गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी आबुल शेख उर्फ शेख समीर का आपराधिक इतिहास है और वह पहले भी चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है.

6 बड़ी चोरियों का खुलासा, ‘DVR’ चुराने वाले भी गिरफ्तार

​बस्तर जिले के सनसिटी, धरमपुरा, कंगोली, नाईकगुड़ा और बोधघाट थाना क्षेत्रों में हुई लगातार 6 चोरियों से परेशान पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी. जाँच में खुलासा हुआ कि सभी वारदातें एक ही तरीके से की गई थीं. गिरोह का शातिर तरीका यह था कि वे चोरी के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर (DVR) भी निकाल कर ले जाते थे और उसे तालाब में फेंक देते थे. बस्तर पुलिस ने इन फेंके गए डीवीआर को तालाब से ढूंढ निकाला, जिससे आरोपियों तक पहुँचने में मदद मिली.

20 लाख की बेशकीमती संपत्ति जब्त

​पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर उनके ओडिशा स्थित ठिकाने से चोरी का सारा सामान बरामद किया है। जप्त किए गए सामान में शामिल है:

सोने-चांदी के जेवरात : 10 से अधिक जोड़ी पायल, हार, चैन, कंगन, अंगूठियां, टॉप्स और मंगलसूत्र.

नगदी : 93 हजार से अधिक कैश.

अन्य सामान : महंगी घड़ियाँ, ब्लूटूथ ईयरबड और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल.

​बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और गीतिका साहु के नेतृत्व वाली टीम ने साइबर और मुखबिर तंत्र की मदद से इस बड़े गिरोह को धर दबोचा. पुलिस अब आरोपियों के बांग्लादेशी कनेक्शन और अन्य अपराधों में उनकी संलिप्तता की गहन जाँच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles