जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). कोतवाली थाना क्षेत्र के अलग अलग जगहों से आज रविवार को पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले तीन खाईवालों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन खाईवालों के पास से 1 लाख रुपये से अधिक नगद बरामद किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में कुछ लोग अन्य लोगों से रुपये लेकर वाट्सएप और ऑनलाइन वेबसाइट्स के माध्यम से सट्टा खिला रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर कोतवाली पुलिस की अलग अलग टीम को तैयार किया गया. इसके बाद पुलिस की टीमों को संदिग्ध लोगों की पतासाजी के लिए रवाना किया गया. इसी दौरान पुलिस की टीम ने शहर के प्रतापगंज पारा, कुम्हारपारा और हिकमीपारा में दबिश देते हुए तीन संदिग्धों को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में सभी आरोपी कमलेश टाटिया (44) निवासी प्रतापगंज पारा, लक्ष्मीनारायण गांधी (52) निवासी संतोषी वार्ड और राजकुमार (42) निवासी हिकमीपारा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाख अस्सी हजार से अधिक नगद, 2 लैपटॉप, 3 मोबाइल फोन, 129 नग सट्टा पट्टी की पर्चियां, एटीएम कार्ड और पास बुक बरामद किया है. फिलहाल पुलिस ने छग जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6 (क), 7 (1) के तहत मामला दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed