जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). जिले में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. बीते दिनों भी पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब और अवैध मादक पदार्थों के मामले में कई आरोपियों को जेल भेजा है. वहीं आज रविवार को भी पुलिस ने लाखों रुपये के गांजे के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओड़िसा से जगदलपुर की तरफ जाने वाले गुप्ता ट्रेवल्स की एक यात्री बस में एक युवक संदिग्ध सामान लेकर जा रहा है. सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस की एक टीम तुरंत ही धनपुंजी में स्थित फारेस्ट नाका पहुंच गई. यहां पहुंचने के बाद पुलिस ने वहां से गुजरने वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. चेकिंग के दौरान ही पुलिस ने ओड़िसा की ओर से आ रही गुप्ता ट्रेवल्स की एक यात्री बस को जांच के लिए रोक लिया. इसके बाद पुलिस ने मुखबिर के द्वारा बताए गए हुलिए के मुताबिक बस में सवार एक युवक को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ करते हुए उसके बैग की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने युवक के बैग से लगभग 10 किलो से अधिक मात्रा में गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 1 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है. कड़ी पूछताछ में आरोपी प्रदीप राठौर (21) निवासी उज्जैन (एमपी) ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह गांजा ओड़िसा से खरीदकर उज्जैन में बेचने की फिराक में था. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस की धारा के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है.