Ganpat Bhardwaj Jagdalpur- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में लगातार सड़क हादसे के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं. आये दिन सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत हो रही है. जिससे मृत परिवार में शोक का माहौल बना रहता है. बीती रात एक और सड़क हादसा हो गया. और इस सड़क हादसे में 3 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. तीनों ही युवक एक ही गांव के थे. सड़क हादसे के बाद मृत युवकों के परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है.
बड़ांजी थाना प्रभारी ने बताया कि दाबपाल गांव में बीती रात मेले का आयोजन किया गया था. जिसमें रात्रि के समय स्थानीय नाटक भी आयोजित किया था. इस मेले में शामिल होने के लिए आसपास के सैकड़ों लोग पहुंचे हुए थे. जिसमें बड़ांजी गांव से 3 युवा दोस्त भी मेला देखने गए हुए है. वापस लौटने के दौरान दाबपाल मुख्यमार्ग में तीनों युवक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए. बताया जा रहा है की तेज रफ्तार में होने के कारण युवक ने बाइक से अपना नियंत्रण खो दिया. जिसके कारण तेज रफ्तार की बाइक पेड़ से जा टकरा गई. बताया जा रहा है की यह घटना रात को तकरीबन 12 से 1 बजे के बीच हुई थी. रात भर घायल अवस्था में तीनों युवक घटना स्थल पर ही पड़े रहे. सुबह जब राहगीरों की नजर घायलों पर पड़ी तब दुर्घटना की जानकारी लगी. जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य लोहंडीगुड़ा लाया गया. जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया. मृत युवकों की पहचान गणेश नाग 22 वर्ष, राजू राम नाग 22 वर्ष, और खीर सागर कश्यप 15 वर्ष के रूप में हुई है. तीनों युवक बड़ांजी के निवासी है. जिनका पोस्टमार्टम कराया गया. पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए है. फिलहाल गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.