जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). कोतवाली थाना क्षेत्र के आसना और ढोढरेपाल के जंगल से पुलिस ने आज सोमवार को जुआ खेलते हुए 5 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही पुलिस ने इन जुआरियों के पास से हजारों रुपये भी बरामद किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आसना और ढोढरेपाल के जंगल में कुछ लोग रुपये का दांव लगाकर जुआ और सट्टा खेल रहे है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की दो टीम को तुरंत ही उक्त जंगल की तरफ के लिए भेजा गया. मौके पर पहुंचते ही पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी करना शुरू कर दिया. इसी दौरान जुआरियों की नजर पुलिस पर पड़ गई. पुलिस को देखते ही सभी जुआरी भागने लगे. इस दौरान पुलिस की टीम ने भाग रहे 5 जुआरियों को धर दबोचा. बाकी अन्य जुआरी फरार होने में कामयाब हो गए.

इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ शुरू की. कड़ी पूछताछ में पकड़े गए सभी आरोपियों रमैया कश्यप (42), रंजीत नेताम (26), अशोक यादव (50), रोहित नाग (19) सभी निवासी बकावण्ड और अवधेश सोनी (32) निवासी महारानी वार्ड ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मौके पर से ताश के 52 पत्ते, सट्टा – पट्टी की पर्चियां और 50 हजार रुपये नगद बरामद किया है. पुलिस ने छग जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3 (2), 6 (क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed