जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). मुख्य वन संरक्षक जगदलपुर वन वृत्त कार्यालय के प्रांगण में आज सोमवार को शहीदों की याद में राष्ट्रीय वन शहीद दिवस मनाया गया.

पूरे भारत वर्ष में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के द्वारा आज के दिन वनों तथा राष्ट्र हित में कार्य करते शहीद हुए कर्मचारियों की याद में राष्ट्रीय वन शहीद दिवस मनाया जाता है. बस्तर जिले में हुए इस कार्यक्रम में शहीद कर्मचारियों के परिजन भी शामिल हुए. इस कार्यक्रम में शहीद वन कर्मचारियों के परिजनों को अधिकारियों द्वारा शाल और श्रीफल देकर उनका सम्मान किया गया. बताया गया है कि बस्तर संभाग में वनों और राष्ट्र हित में कार्य करने के दौरान अब तक कुल 6 वन कर्मचारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी है. इस दौरान छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ ने शहीद हुए वन कर्मचारियों का सम्बंधित परिक्षेत्र कार्यालय में मूर्ति स्थापित करने की मांग की है. वहीं इस कार्यक्रम में निदेशक कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर उप मण्डलाधिकारी, चित्रकोट परिक्षेत्र अधिकारी, परिक्षेत्र सहायक, वनपाल, वनरक्षक, कार्यालयीन कर्मचारी, प्रशिक्षु वनपाल मौजूद थे. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री मो. सलीम, संभाग अध्यक्ष संतोष काछी, जिलाध्यक्ष लच्छू मरकाम, कार्यकारिणी सदस्य उदय सिंह, दामोदर सेठिया, घुन्नू राम मरकाम, खेमवती कश्यप, वर्षा रानिया एवं अन्य सदस्य भी उपस्थित थे.