जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। जिले में अवैध मादक पदार्थ, शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ बस्तर पुलिस के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज बुधवार को पुलिस ने हजारों रुपये के गांजे की तस्करी करते एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि नगरनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक संदिग्ध सामान ओड़िसा से लेकर जगदलपुर की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तैयार किया गया। इसके बाद पुलिस की उक्त टीम को तुरंत ही छत्तीसगढ़ और ओड़िसा के सीमावर्ती इलाके में स्थित धनपुंजी फारेस्ट नाके के लिए रवाना किया गया। पुलिस की टीम ने नाके में पहुंचते ही नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच करना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने ओड़िसा की तरफ से आ रही एक यात्री बस को चेकिंग के लिए रोक लिया। बस में बैठे सभी यात्रियों से पूछताछ करते हुए पुलिस ने बस में सवार एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ करते हुए उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी में युवक के बैग से पुलिस ने लगभग 5 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। कड़ी पूछताछ में आरोपी रजनीश तिवारी (33) निवासी उत्तरप्रदेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह गांजा ओड़िसा से खरीदकर यूपी ले जाने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed