जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बीते दिनों मेला देखकर वापस अपने घर जा रही एक युवती को शराब पिलाकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार करने वाले दो फरार आरोपियों को पुलिस ने आज बुधवार को गिरफ्तार किया है।

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि नगरनार थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती बीते 13 मई को गांव में लगा मेला देखने गई हुई थी। दोपहर 2 बजे युवती मेले से कुछ सामान खरीदकर वापस अपने घर जा रही थी। इसी दौरान युवती को उसके पहचान वाले दो व्यक्ति निर्मल और डमरूधर मिल गए। इसके बाद निर्मल और डमरूधर ने अपनी बातों में उलझाकर जबरन युवती को शराब पिला दी। शराब पिलाने के बाद दोनों ने युवती का मुंह दबाकर और हाथ पैर पकड़कर नीलगिरी प्लाट की तरफ लेकर चले गए। वहां निर्मल और डमरूधर ने मिलकर युवती की अस्मत लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बलात्कारी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने घर पहुंचकर अपनी आपबीती अपने परिजनों को बताई। इसके बाद पीड़िता और उसके परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। मामला दर्ज होते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तत्काल ही फरार आरोपियों की पतासाजी में जुट गई। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार दोनों आरोपी अपने घर पहुंचे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों के घर छापा मारा। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे। भाग रहे आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी करते गांव के ही अलग अलग जगहों से धर दबोचा। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी निर्मल बघेल (38) और डमरूधर कश्यप (29) दोनों ही निवासी ग्राम कुम्हली (नगरनार) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने धारा 376 (द) भादवि के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed