जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। शहर में बीते दिनों एक ज्वेलरी दुकान में हुए लाखों रुपयों के उठाईगिरी के मामले में बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उठाईगिरी करने दो आरोपियों को यूपी से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिया है।

बस्तर एसपी जितेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि बीते 5 मई को शाम करीबन 7 – 8 बजे दो अज्ञात युवक शहर के मेन रोड में स्थित देवेंद्र ज्वेलर्स दुकान में सोने की चेन और अंगूठी खरीदने के बहाने से पहुंचे। इसके बाद एक युवक अंगूठी पसंद नही होने की बात कहकर दुकान से बाहर निकल गया। वहीं दूसरा युवक सोने की चेन देख रहा था। मौका पाते ही उक्त युवक 12 सोने की चेन को लेकर फरार हो गया। जिसकी कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है। इस दौरान युवक का एक साथी दुकान के बाहर एक बाइक में पहले से भागने के तैयारी में खड़ा हुआ था। दोनों आरोपी देवेंद्र ज्वेलर्स से लूटपाट करने के बाद फरार हो गए। फरार होने के दौरान बाइक सवार दोनों आरोपी आमागुड़ा चौक में एक स्कूटी सवार युवती से टकरा गए। टक्कर होने के बाद दोनों आरोपी युवक बाइक वहीं छोड़कर झाड़ियों में छुप गए। इसके बाद दोनों आरोपी एक यात्री बस में सवार होकर रायपुर पहुंच गए। रायपुर पहुंचने के बाद दोनों आरोपी युवक ट्रेन की मदद से यूपी भाग गए। इस दौरान देवेंद्र ज्वेलर्स के संचालक ने इस पूरे घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और उनकी टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने इस मामले को लेकर बारीकी से जांच शुरू की। पुलिस ने शहर में लगे सिटी सर्विलेंस और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालना शुरू किया। उक्त सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने आरोपियों के द्वारा इस्तेमाल किये गए बाइक को आमागुड़ा चौक से बरामद किया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपियों के द्वारा इस्तेमाल किया गया बाइक दो पहले ही शहर के बालाजी वार्ड से चोरी हो चुका था। जिसकी शिकायत बाइक मालिक ने कोतवाली थाने में दर्ज करा रखी थी। इसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले फरार आरोपियों की पतासाजी में फिर से जुट गई। लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों और मुखबिरों से मिल रही सूचना के आधार पर पुलिस ने आखिरकार लूटपाट करने वाले दो आरोपियों रामनारायण उर्फ रज्जू निषाद (22) और सूरज मिश्र उर्फ ईश दत्त (19) को यूपी से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ही आरोपी यूपी के रहने वाले है। कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह दोनों बीते कुछ दिनों से शहर के एक किराए के मकान में रह रहे थे। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शहर के अलग अलग दुकानों में लूटपाट करने के लिए रेकी भी किया था। इसके बाद दोनों लूटेरों ने देवेंद्र ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया। इसके साथ ही आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने और मौके से फरार होने के लिए शहर के बालाजी वार्ड से एक बाइक की चोरी भी की थी। जुर्म कबूल करते ही पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने धारा 379, 392 और 34 भादवी के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed