सुनील कश्यप, सुकमा- बस्तर संभाग के सुकमा जिले में नक्सली मोर्चे पर तैनात सुरक्षाबल के जवानों को आज एक बड़ी सफलता मिली है. सुकमा पुलिस ने 1 इनामी नक्सली दंपति को गिरफ्तार किया है. जिनके ऊपर छत्तीसगढ़ सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि सुकमा जिले के गादीरास थाना क्षेत्र में कैंप के ऊपर अटैक व एस्सार पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने की नियत से नक्सलियों के जमा होने की सूचना मुखबिर से पुलिस को मिली थी. जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर ऑपरेशन प्लान करके डीआरजी व जिला बल की संयुक्त टीम को नागलगुड़ा परिया क्षेत्र में रवाना किया गया था. जहाँ पोर्रोपड़िया के पास घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस बल को अपनी ओर आता देख जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इधर मोर्चा संभालते हुए सुरक्षाबलों ने भी नक्सलियों पर जवाबी कार्यवाही की. करीब 30 मिनट चले इस मुठभेड़ में सुरक्षाबल के जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर भाग खड़े होने में सफल हुए. मुठभेड़ के बाद जवानों ने इलाके में सर्चिंग तेज कर दी. सर्चिंग के दौरान बड़े चट्टानों के पीछे छुपते हुए दो नक्सली को घेराबंदी करके धर दबोचा. गिरफ्तार नक्सली मुचाकी हिड़मा, प्लाटून नंबर 24 डिप्टी कमांडर PPCM रैंक के रूप में नक्सली संगठन में मलगेर एरिया कमेटी में सक्रिय था. जिसके ऊपर छत्तीसगढ़ सरकार ने 8 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. वहीं महिला नक्सली कोसी प्लाटून नंबर 31 के सदस्य के रूप में कांगेर घाटी एरिया कमेटी में सक्रिय थी. जिसके ऊपर छत्तीसगढ़ सरकार ने 2 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. जिनके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करते हुए दोनों ही नक्सली को न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है.
गिरफ्तार नक्सली से जब्त सामग्री-
सुरक्षाबल के जवानों ने गिरफ्तार नक्सलियों के कब्जे से एक पिट्ठू, 1 टिफिन बम, 6 नग इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन रॉड 5 नग, कोडेक्स वायर 1 मीटर, 2 नग लाल रंग का नक्सली बैनर, नक्सली पर्चे 20 नग, टॉर्च बैटरी 6 नग व अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है. दोनों ही नक्सली सुकमा और दंतेवाड़ा जिले में घटित बड़ी घटनाएं हत्या, आईडी ब्लास्ट, हथियार लूटने, जवानों पर फायरिंग, आगजनी जैसे संगीन मामलों में शामिल रहे हैं.