जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। कोड़ेनार थाना क्षेत्र में आज बुधवार की शाम एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में एक कार दुर्घटना की शिकार हो गई। इस हादसे में कार में सवार पांच लोग घायल हो गए है।
मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर जगदलपुर शहर के धरमपुरा ग्रीन सिटी निवासी रामलाल वाल्मीकि अपने परिवार के साथ अपनी कार सीजी 04 एनयु 5522 में सवार होकर जगदलपुर से बैलाडीला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम काटाकांदा के पास कार के सामने एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। जिसकी वजह से कार सड़क से नीचे उतरकर एक पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराने के बाद कार में सवार रामलाल की पत्नी तुलसी वाल्मीकि, बेटी माधवी वाल्मीकि (20), रिश्तेदार सपना उइके और वाहन चालक हरीश साहू निवासी गरियाबंद बुरी तरह से घायल हो गए। सभी घायलों को वहां से गुजरने वाले राहगीरों, पुलिस और संजीवनी 108 की मदद से तत्काल मेकॉज पहुंचाया गया। फिलहाल सभी घायलों का मेकॉज में इलाज जारी है।