जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में जुआ, सट्टा, मादक पदार्थ और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने लाखों रुपयों का अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करते हुए एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार दरभा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कार में संदिग्ध सामान लेकर सुकमा की तरफ से जगदलपुर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर दरभा टीआई शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम का गठन किया गया। इसके बाद उक्त टीम को तुरंत ही एनएच 30 में स्थित कामानर चौकी के लिए रवाना किया गया। पुलिस की टीम ने कामानार चौकी के पास नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने सुकमा की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की एर्टिगा कार सीजी 11 एके 4841 को चेकिंग के लिए रोका। इसके बाद पुलिस ने कार के चालक से पूछताछ करते हुए वाहन की तलाशी लेना शुरू किया। तलाशी में पुलिस ने कार से 25 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 1 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। गांजा बरामद होते ही पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी उमेश कुमार ध्रुव (38) निवासी चारामा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह गांजा ओड़िसा से खरीदकर कांकेर लेकर जाने की फिराक में था। और वह इस गांजे को कांकेर में खपाने की तैयारी कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।