जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, नगरनार पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस टीम ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 46.375 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है.
गोपनीय चेम्बर में छिपाकर हो रही थी तस्करी
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार, नगरनार थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की हुंडई सेंट्रो कार (क्रं० UK-08-T-6189) में भारी मात्रा में गांजा ओडिशा से जगदलपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर, थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने ग्राम धनपुंजी फारेस्ट नाका, NH-63 मेन रोड पर नाकाबंदी की. चेकिंग के दौरान सेंट्रो कार को रोका गया. कार की तलाशी लेने पर पुलिस टीम हैरान रह गई—आरोपियों ने गांजा छिपाने के लिए कार की पिछली सीट के नीचे, निचले हिस्से में बने गोपनीय चेम्बर और यहाँ तक कि बैक लाईट के अंदर भी छोटे-छोटे पैकेट छिपा रखे थे. जांच में कुल 60 पैकेटों में भरा 46.375 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.
गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के मेरठ और बिजनौर के निवासी
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो गांजा को मेरठ, उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे:
1. मोहम्मद शोएब (उम्र 24 वर्ष), निवासी- बिजनौर, उत्तर प्रदेश.
2. मुर्शीद (उम्र 35 वर्ष), निवासी- मेरठ, उत्तर प्रदेश.
जब्त संपति का विवरण
पुलिस ने गांजे के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त सेंट्रो कार (कीमत ₹3 लाख), 02 एंड्राॅइड मोबाईल (कीमत ₹10 हजार) और ₹2,100/- नकद भी जब्त किए हैं. जब्त संपत्ति का कुल जुमला 7 लाख 72 हजार 100 रुपये है.
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नगरनार में धारा 20 (ख) ii (ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है.