सुनील कश्यप, जगदलपुर। बोधघाट थाना क्षेत्र में स्थित एक गैराज में शुक्रवार सुबह करीबन 4 बजे अचानक आग लगने की वजह से हड़कंप मच गई। एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत करने के बाद बेकाबू आग पर काबू पाया है। इस आगजनी की वजह से गैराज में रखे लाखों रुपए का सामान जलकर खाक में तब्दील हो गया है। जिसकी वजह से गैराज मालिक को लाखों रुपये के नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग में स्थित आनंद ढाबा के सामने एक ट्रक गैराज के किनारे कचरे में किसी ने आग लगा दिया था।जिसके बाद इस आग की चिंगारी गैराज तक पहुंच गई, जिसने धीरे – धीरे पूरे गैराज को अपने चपेट में ले लिया। इस दौरान गैराज के अंदर सो रहे लोग बाहर निकलकर भागे, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम तत्काल ही मौके पर पहुंच गई। इस बीच आग ने गैराज को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया था।
स्थिति को भांपते हुए दमकल विभाग की एक और गाड़ी मंगवाई गई। लगभग 2 घण्टे की कड़ी मशक्कत करने के बाद एनडीआरएफ की टीम ने बेकाबू आग पर काबू पा लिया। गैराज में आग लगने की वजह से लाखों रुपयों का नुकसान बताया गया है। घटना के दौरान गैराज के आसपास और भी ट्रकें खड़ी हुए थी, लेकिन पुलिस और एनडीआरएफ की टीम की मुस्तैदी के चलते बड़ी घटना होने से टल गई।