नेरली घाटी में पुलिस की डायल 112 और इनोवा क्रिस्टा की आमने सामने भिड़ंत, बड़ा हादसा टला

दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर)। जिले के नेरली घाटी में शनिवार दोपहर पुलिस की डायल-112 और एक इनोवा क्रिस्टा कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा सीआरपीएफ 230वीं बटालियन के मुख्य द्वार के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि इनोवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की डायल-112 वाहन बचेली से भांसी की ओर जा रही थी, जबकि इनोवा क्रिस्टा भांसी से बचेली की ओर आ रही थी। इसी दौरान सीआरपीएफ कैंप के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इनोवा का स्टीयरिंग अचानक लॉक हो जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही बचेली और भांसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था सुचारू कराई और दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर मार्ग बहाल कराया।

फिलहाल भांसी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles