जगदलपुर- पानी इंसान की सबसे मूलभूत जरूरत होती है. लेकिन बस्तर जिले के केशलूर और आसपास के गांवों के लोगों के लिए यही पानी आज सबसे बड़ी मुसीबत बन गई है. सालों से ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं. सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना भी गांव की प्यास नहीं बुझा पाई. जल जीवन मिशन का कार्य अधूरा है. वैकल्पिक व्यवस्था के चलते ग्रामीण अपना गुजर बसर कर रहे हैं. साथ ही नाले और तालाब में मवेशियों के साथ नहाने व कपड़े धोने को मजबूर हैं. हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को अब अपने हक के लिए सड़क पर उतरने का फैसला लेना पड़ा है. और आगामी 1 दिसम्बर को केशलूर नेशनल हाईवे 30 में चक्काजाम करने का निर्णय लिया है.
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की समस्या के समाधान के लिए PHE विभाग को आवेदन दिया गया था. ताकि ग्रामीणों को बेहतर पेयजल की सुविधा हो सकें. सुनवाई नही होने पर आंदोलन करने का निर्णय ग्रामसभा केशलुर में लिया गया. जिसके बाद अनुमति के लिए SDM को ज्ञापन सौंपा गया. SDM ने 15 दिनों का समय मांगा था. 15 दिन बीत चुके लेकिन मांगे पूरी नही हुई. समस्या जस की तस बनी हुई है. जल जीवन मिशन का काम रुका हुआ है. इसीलिए ग्रामीणों ने मिलकर आगामी 1 दिसम्बर को केशलुर नेशनल हाईवे 30 को जाम करने का निर्णय लिया है. ग्रामीण एकजुट होकर अपने हक और अधिकार के लिए लड़ाई लड़ेंगे.
