जिस आईफोन के दीवाने हैं लोग, अब उसे बनाएंगी बस्तर की बेटियां, 100 युवतियों को बेंगलुरु में नौकरी का मौका……

जगदलपुर- छत्तीसगढ़ के बस्तर की बेटियां अब सिर्फ जंगल, गांव और खेतों तक सीमित नहीं रहेंगी. बल्कि देश के सबसे बड़े औद्योगिक शहरों में अपनी प्रतिभा और हुनर का लोहा मनवाएंगी. जिस आईफोन को दुनियाभर में लोग बड़े शौक से इस्तेमाल करते हैं, अब उसी आईफोन के निर्माण में बस्तर की बेटियां भी अपनी भूमिका निभाएंगी. बस्तर की युवतियों के लिए रोजगार के नए दरवाजे खुल रहे हैं. बेंगलुरु स्थित आईफोन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में नौकरी के लिए जगदलपुर में विशेष भर्ती शिविर आयोजित किया गया. जहां 100 पदों पर युवतियों का चयन किया जा रहा है. यह अवसर न सिर्फ उन्हें रोजगार देगा, बल्कि बस्तर की बेटियों को तकनीकी और औद्योगिक दुनिया से जोड़कर आत्मनिर्भरता की नई राह भी दिखाएगा. बैंगलोर के कंपनी में एक साथ 70-80 हजार लोग काम करते हैं.

लाइवलीहुड कॉलेज प्रबंधक सुभाष पटेल का कहना है कि बैंगलुरु में आईफोन मैनुफेक्चरिंग की कंपनी में भर्ती के लिए एडेको कंपनी से लाइवलीहुड की बात हुई है. जिसके लिए प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन जगदलपुर में किया गया है. जिसमें चयनित अभ्यर्थियों को 19 हजार का CTC और रहने खाने के साथ ही आवागमन की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. यह टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और फॉक्सकॉन जैसी कंपनी है. जो आईफोन मैनुफेक्चरिंग का काम करती है.

अभ्यर्थी प्रमिला मंडावी का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली थी कि बैंगलोर की आईफोन मैनुफेक्चरिंग प्लांट में भर्ती के लिए आज 26 नवम्बर को लाइवलीहुड कॉलेज में प्लेसमेंट शिविर है. इस सूचना के बाद कॉलेज में भर्ती के किये पहुंचे हैं. ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद कम्प्यूटर की पढाई जारी है. मन में खुशी है कि बस्तर की आदिवासी युवतियां बैंगलोर जैसे बड़े शहर में जाकर आईफोन जैसे बड़े ब्रांड के मोबाइल की मैन्यूफैक्चरिंग करेंगे. आईफोन काफी महंगा फोन है. और मोबाइल में सबसे ऊपर का ब्रांड है.

अभ्यर्थी आशिर बनिक का कहना है कि न्यूज़ पेपर से उन्हें बैंगलोर के आईफोन मैनुफैक्चरिंग कंपनी के लिये रोजगार मेला लगने की जानकारी मिली थी. आईफोन काफी बड़ा ब्रांड है. इसे बड़े बड़े लोग इस्तेमाल करते हैं. और यह काफी महंगा भी होता है. इसे नार्मल लोग इस्तेमाल नही कर पाते हैं. इसके लिए कई लोगों को लोन लेना पड़ता है. ऐसे में बस्तर जैसे छोटे शहर से युवतियां आईफोन मैनुफैक्चरिंग कार्य मे बैंगलोर जाना और बनाना काफी बड़ी बात है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles