जगदलपुर- महंगाई के इस दौर में पेट्रोल अब सिर्फ ईंधन नहीं, बल्कि कीमती संपत्ति बन चुका है. इसका ताजा उदाहरण बस्तर जिले के भानपुरी में हुई एक अनोखी चोरी की वारदात से सामने आया है. जहां चोर की नजर नकदी या जेवरात पर नहीं, बल्कि पेट्रोल पर जा टिकी.
जानकारी के अनुसार भानपुरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित तीन ठेला नुमा दुकानों को 31 मई-01 जून की दरमियानी रात एक शातिर चोर ने निशाना बनाया. सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक रात 1:52 बजे चोर इलाके में दाखिल हुआ और अगले करीब 20 मिनट तक बेखौफ होकर घूमता रहा. इस दौरान उसने दुकानों के ताले तोड़े, सामान खंगाला और अपनी पसंद का माल चुनता रहा. रात 2:12 बजे वह 25 लीटर पेट्रोल से भरा जर्किन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट लेकर आराम से मौके से निकल गया. फुटेज देखने के बाद स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय यह बन गया कि चोर को शायद सोना-चांदी नहीं मिला. इसलिए उसने सोचा होगा कि आज के दौर में पेट्रोल ही सबसे बड़ी दौलत है. हालांकि इस मामले को लेकर संबंधित दुकानदारों ने भानपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
भानपुरी थाना प्रभारी धुरंधर सिंह का कहना है कि चोरी की घटना केवल एक दुकान में हुई है, जबकि अन्य दुकानों के सिर्फ ताले टूटे पाए गए हैं. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि थाने से चंद कदमों की दूरी पर एक चोर करीब 20 मिनट तक “नाइट शॉपिंग” करता रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. घटना के बाद इलाके में लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि अब जमाना बदल गया है. नकदी बैंक में रखो, लेकिन पेट्रोल संभालकर रखो. क्योंकि चोरों की नजर अब सीधे फ्यूल पर है. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.