गनपत भारद्वाज, जगदलपुर- छत्तीसगढ़ का बस्तर संभाग घने जंगलों से भरपूर है. बड़े बड़े पहाड़ों के अलावा कई बड़े बड़े जलप्रपातें और गुफाएं बस्तर संभाग के अलग अलग जिलों में मौजूद हैं. बस्तर जिले में एक नेशनल पार्क भी मौजूद है. जिसका नाम कांगेर वैल्ली नेशनल पार्क है. जहां कई वन्यजीव पाए जाते हैं. इस पार्क और बस्तर के जंगलों का वातावरण वन्यजीवों के रहवास के लिए अनुकूल माना जाता है. बस्तर संभाग के नारायणपुर, बस्तर और कांकेर जिले में जंगली भालु पाए जाते हैं.
कांकेर जिले में आये दिन भालू नेशलन हाइवे की सड़कों के साथ ही घरों के आसपास नजर आते हैं. कांकेर जिले में भालुओं का आतंक बढ़ता ही जा रहा है. वहीं अब बस्तर जिले में भी भालुओं का खतरा मंडराने लगा है. बीती रात ग्रामीण इलाके में विचरण करते हुए एक भालू की तस्वीर सामने आई है. बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र के बाजवंड- करीतगांव में सड़क के किनारे भालू दिखा. जिसकी तस्वीर राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद की है. भालू के दिखने से इलाके में भय का माहौल बना हुआ है. हालांकि अभी तक भालू ने किसी व्यक्ति पर हमला नहीं किया है.
बकावंड वन परिक्षेत्र के रेंजर मानिकपुरी ने बताया कि भालू दिखने की जानकारी मिली है. पानी की तलाश में भालू के गांव क्षेत्र में पहुंचने की संभावना है. फिलहाल वन परिक्षेत्र के टीम को इलाके में रवाना किया गया है. टीम के द्वारा आवश्यक कार्यवाही जाएगी.