जगदलपुर. शहर के बोधघाट थाना क्षेत्र के कुम्हारपारा में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर गुंडागर्दी करने वाले एक सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी नशे की हालत में धारदार हथियार दिखाकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा और उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर उसे अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत तब हुई जब कुम्हारपारा निवासी प्रार्थी के ऑटो के पीछे बैठकर एक युवक नशा कर रहा था. जब प्रार्थी ने उसे अपने वाहन के पास नशा करने से रोका, तो वह भड़क उठा और मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा. इतने में ही आरोपी ने बांस के डंडे से हमला कर प्रार्थी को चोट पहुँचाई और फिर अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर सरेआम लहराने लगा. ‘तू मुझे रोकने वाला कौन होता है’ कहते हुए उसने पूरे इलाके में खौफ का माहौल बना दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में बोधघाट थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी रोनित बघेल उर्फ खरगोश (20) निवासी गुरु घासीदास वार्ड को दबोच लिया. सघन पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.