दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर). जिले के थाना बचेली क्षेत्र स्थित सीआईएसएफ कैंप में एक दुखद हादसा सामने आया है, जहाँ 9 सितंबर को एके-47 रायफल की सफाई के दौरान अचानक गोली चलने से सीआईएसएफ के एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के अहिल्या नगर निवासी प्रधान आरक्षक दत्तात्राया सीआईएसएफ कैंप बचेली अंतर्गत 10-11 ए कैंप के पोटाकेबिन क्रमांक-3 में अपनी एके-47 रायफल की सफाई कर रहे थे
इसी दौरान अचानक रायफल से दो राउंड फायर हो गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल बचेली ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मृतक के शव को अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया था, जिसे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेज दिया गया है.
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन बचेली पहुँच चुके हैं. 10 सितंबर को जारी पुलिस सूचना के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और आगे की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों की पूरी स्थिति फोरेंसिक टीम के मौका-मुआयना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.