जगदलपुर. शहर के व्यस्ततम शहीद पार्क चौक पर बीते दिन ऑन-ड्यूटी पुलिस जवान के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और वर्दी उतरवाने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़ित पुलिसकर्मी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन में पदस्थ एक जवान शहीद पार्क चौक पर अपनी ड्यूटी पर तैनात था. इसी दौरान तेतरखूंटी निवासी आरोपी संयज ध्रुव वहां पहुंचा और शासकीय कर्तव्य का निर्वहन कर रहे जवान को काम करने से रोकने लगा. मना करने पर आरोपी उग्र हो गया और उसने जवान के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी.

आरोप है कि आरोपी ने सरेराह पुलिसकर्मी को वर्दी उतरवाने की धमकी दी, मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की. घटना के तुरंत बाद पीड़ित जवान ने कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध कायम कर लिया है और अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.