जगदलपुर. शहर के नगर पालिक निगम क्षेत्र में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए बेहद जरूरी और सतर्क कर देने वाली खबर है. नव-निर्मित जलशोधन संयंत्र में नई पाइपलाइन जोड़ने का बड़ा तकनीकी इंटरकनेक्शन कार्य शुरू होने जा रहा है, जिसके चलते 24 अगस्त से 9 सितंबर तक शहर के विभिन्न प्रमुख वार्डों और मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति ठप रहेगी. निगम प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, काम के दौरान तय तिथियों पर सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित रखी जाएगी. हालांकि राहत की बात यह है कि शटडाउन का यह दौर अलग-अलग चरणों में लागू होगा, लेकिन काम की प्रगति को देखते हुए इस समयावधि को घटाया या बढ़ाया भी जा सकता है.
जलापूर्ति ठप रहने के पहले चरण की शुरुआत 24 और 25 अगस्त को होगी, जब तेतरकुटी, एल.आई.सी. एवं एस.टी./एस.सी. थाना टंकी से जुड़े तेतरकुटी, गैरेज लाइन, अघनपुर, एम.पी.एम. रोड, परपा नाका पंचायत घेरा, धरमपुरा क्रमांक 1 व 2, कंगोली रोड, एल.आई.सी. रोड, महावीर नगर, तिलक नगर, गांधी नगर, गंगानगर और राजेन्द्र नगर के इलाकों में नल सूखे रहेंगे. इसके तुरंत बाद 29 और 30 अगस्त को इंडस्ट्रियल एरिया और बी.एस.एन.एल. टंकी क्षेत्र की मदर टेरेसा वार्ड, वर्धमान कॉलोनी, डॉ. रिजवी लाइन, साकेत कॉलोनी तथा दण्डकारण्य के आसपास के इलाकों में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी.
सितंबर महीने की शुरुआत में भी नागरिकों को इस किल्लत से जूझना पड़ेगा. 2 और 3 सितम्बर को शहीद पार्क एवं भंगाराम टंकी क्षेत्र के तहत आने वाले लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड, निर्मल विद्यालय घेरा और वीर सावरकर वार्ड में पानी सप्लाई बंद रखी जाएगी. वहीं 5 और 6 सितम्बर को पावर हाउस टंकी से जुड़े विजय वार्ड, पनारापारा, शिवमंदिर वार्ड, भैरमदेव वार्ड, सदर वार्ड तथा सुभाष वार्ड में नलों से पानी नहीं आएगा. इस शटडाउन के अंतिम चरण में 8 और 9 सितम्बर को सिटी ग्राउंड टंकी और पानी टंकी के माध्यम से आने वाले महारानी वार्ड, शांति नगर वार्ड, मदर टेरेसा वार्ड, गुण्डाधुर वार्ड और प्रतापदेव वार्ड के निवासी प्रभावित होंगे.
नगर पालिक निगम प्रशासन और आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस बड़े मेंटेनेंस और पाइपलाइन इंटरकनेक्शन के काम में सहयोग करें. किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए नागरिक अपने-अपने प्रभावित दिनों से पहले ही पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी स्टोर करके रख लें, ताकि उन्हें रोजाना के कामों में दिक्कतों का सामना न करना पड़े.