ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता पहुंची थाना, दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज

जगदलपुर. शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ससुराल पक्ष द्वारा एक विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

​मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का विवाह ओडिशा राज्य के पड़ोसी जिले में हुआ था. शादी के कुछ समय बाद से ही कम दहेज लाने का ताना देकर ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. बात सिर्फ ताने देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि समय के साथ अत्याचार बढ़ता गया. आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर पीड़िता के साथ अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट भी की.

​लगातार हो रही मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार पुलिस की शरण लेने का फैसला किया. उसने कोतवाली थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई और शिकायती आवेदन सौंपा. पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर पति, सास, ससुर और देवर समेत कुल चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध कायम कर लिया है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles