दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर). दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में इस बार स्वतंत्रता दिवस का जश्न ऐतिहासिक बन गया. वर्षों तक नक्सली प्रभाव से प्रभावित रहे थाना किरंदुल क्षेत्र के पुरंगेल, लोहागांव, बड़ेपल्ली, बेंगपाल और ग्राम पंचायत गुमलनार के गिरसापारा में नक्सल मुक्त होने के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. तिरंगा लहराते ही गांवों में खुशी, उत्साह और देशभक्ति का माहौल नजर आया. एसपी दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन में दंतेवाड़ा पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से इन गांवों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए. कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जवान, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.

राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया. बच्चों ने देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं. ग्रामीणों ने भी पूरे उत्साह के साथ आजादी का पर्व मनाया. पहली बार खुले और भयमुक्त वातावरण में स्वतंत्रता दिवस मनाने को लेकर ग्रामीणों में खास उत्साह दिखाई दिया. ग्रामीणों ने कहा कि अब वे खुद को शांति, विकास और मुख्यधारा से जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं. गांव में भयमुक्त माहौल के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाना उनके लिए बेहद खास और यादगार अनुभव रहा.

समारोह के दौरान दंतेवाड़ा पुलिस की ओर से ग्रामीणों को मिठाई वितरित की गई. बच्चों को खेलकूद सामग्री देकर उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया. पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और सुझावों की जानकारी ली. कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता के संबंध में भी जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी से सतर्क रहने, नशे से दूर रहने तथा गांव में सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की.

नक्सल प्रभावित रहे इन गांवों में पहली बार स्वतंत्रता दिवस का आयोजन केवल राष्ट्रीय पर्व तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह क्षेत्र में लौट रही शांति, सुरक्षा, विश्वास और विकास की नई शुरुआत का प्रतीक बन गया. कभी भय और असुरक्षा के माहौल से प्रभावित रहे इन गांवों में तिरंगे की शान, बच्चों की मुस्कान और ग्रामीणों का उत्साह नई तस्वीर पेश करता नजर आया. दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के माध्यम से क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करना और प्रत्येक नागरिक को सम्मान एवं निर्भय वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस का संकल्प है.