सीसीटीवी और लोकेशन ट्रेस कर पुलिस का बड़ा क्रैकडाउन, 5 राज्यों के होटलों में चोरी करने वाला आरोपी शिकंजे में

जगदलपुर. कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित होटल एंबीशन के रिसेप्शन दराज से एक लाख रुपये की नगदी चोरी करने वाले शातिर आरोपी अनिमेष बक्सी को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है. 24 वर्षीय आरोपी रांची (झारखंड) का निवासी है, जिसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

​मामले की जानकारी के अनुसार प्रार्थी अरुण कुमार कंसारी ने 18 जुलाई 2026 को नए कर्मचारी के रूप में जॉइन करने वाले अनिमेष बक्सी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी. आरोपी ने नौकरी जॉइन करते ही अगले दिन 19 जुलाई को दिनदहाड़े रिसेप्शन के दराज में रखे एक लाख रुपये पार कर दिए थे. घटना के तुरंत बाद बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने होटल तथा शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपी की लोकेशन पुणे में ट्रैक की.

पुलिस की टीम ने पुणे में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और छुपाकर रखे गए चोरी के रुपयों में से 10,000 रुपये बरामद कराए. आरोपी को पुणे से ट्रांजिट रिमांड पर लाकर आज 11 अगस्त को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

देश के कई राज्यों में दे चुका है वारदात को अंजाम

​जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक अंतरराज्यीय होटल चोर है, जो अलग-अलग राज्यों के शहरों में होटलों में नौकरी के बहाने प्रवेश करता था और मौका मिलते ही लाखों की चोरी कर फरार हो जाता था. आरोपी इसी तरीका से तिरुपति (आंध्र प्रदेश), गोवा, कोच्चि, तमिलनाडु और पुणे के कई होटलों में भी लाखों रुपये की चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles