दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर). जिले के बचेली थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य में लगी दो भारी मशीनों को आग के हवाले किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पोकलेन और चैन माउंटेन मशीन में आग लगा दी. दोनों मशीनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक घटना बचेली के लेबर हाटमेंट इलाके की है, जहां कल्पतरु कंपनी के अंतर्गत प्लांट निर्माण का कार्य चल रहा है. निर्माण कार्य के लिए मौके पर पोकलेन और चैन माउंटेन मशीन समेत कई भारी वाहनों और मशीनों को लगाया गया है. इसी दौरान अज्ञात लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर दो मशीनों में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. जिस तरह से निर्माण कार्य में लगी मशीनों को निशाना बनाया गया है, उससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, घटना के पीछे कौन लोग हैं और आगजनी की वास्तविक वजह क्या है, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही बचेली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है. आगजनी में मशीनों को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आगजनी की इस घटना के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ है या किसी अन्य कारण से मशीनों को निशाना बनाया गया, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.