जगदलपुर: मंदिरों और बंद मकानों में चोरी से उठते सवाल, बेखौफ चोरों की सरगर्मी से तलाश में जुटी पुलिस

जगदलपुर. शहर में बेखौफ चोरों के बुलंद हौसलों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और गश्त प्रणाली पर बड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जब आस्था के केंद्र और आम नागरिकों के बंद मकान ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आखिर शहरवासी खुद को कितना महफूज समझें? बोधघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत नया बस स्टैंड स्थित शिव मंदिर और हाटकचोरा के हिंगलाज माता मंदिर का ताला तोड़कर चोर दानपेटी के नकद व हजारों रुपये के गहने पार कर गए. हद तो तब हो गई जब आड़ावाल कुसुमपाल में एक बंद मकान को निशाना बनाकर करीब सतहत्तर हजार रुपये के जेवर और नकद उड़ा लिए गए. लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय निवासियों में भारी डर का माहौल है और पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं.

​हालांकि, इन वारदातों के बाद बोधघाट पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद नज़र आ रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है. मामले में प्रतिक्रिया देते हुए बोधघाट थाना प्रभारी सुमित चंद्रा (प्रशिक्षु डीएसपी) ने बताया कि शहर के संदिग्ध इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और फरार अज्ञात आरोपियों की बेहद सरगर्मी से तलाश की जा रही है, उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles