जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध सट्टा, जुआ, अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने शनिवार के तड़के सुबह हजारों रुपये के गांजे की तस्करी करते एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल रंग की बाइक में संदिग्ध सामान लेकर ओड़िसा के मलकानगिरी की तरफ से जगदलपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर परपा टीआई धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में एक टीम तैयार की गई। इस टीम को तुरंत ही शुक्रवार की शाम मारेंगा चौक के लिए रवाना किया गया। टीम ने मारेंगा चौक में नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया। इसी दौरान शनिवार की सुबह करीबन 4 बजे पुलिस ने केशलूर की ओर से बाइक सीजी 08 जी 2124 में सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को चेकिंग के लिए रोका। पुलिस ने उससे पूछताछ करते हुए उसकी बाइक की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस ने बाइक की डिक्की और सीट के नीचे छुपाकर रखा लगभग 11 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 50 हजार रुपये से ज्यादा आंकी गई है। कड़ी पूछताछ में आरोपी सुखचंद बाघ (32) निवासी मलकानगिरी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।