जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). कोलकाता के एक मेडिकल कॉलेज की द्वितीय वर्ष के पोस्ट ग्रेजुएट छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या किए जाने के विरोध में आज बुधवार को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टरों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया. इसके साथ ही जूनियर डॉक्टरों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए न्याय की गुहार लगाई है.

मेकॉज में आज छत्तीसगढ़ जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के द्वारा अपनी 3 सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. जूनियर डॉक्टरों ने इस मामले के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने और डॉक्टरों के लिए सुरक्षा के नियम बनाने की मांग की है. बताया जा रहा है कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाली एक द्वितीय वर्ष की पोस्ट ग्रेजुएट छात्रा के साथ अमानवीय तरीके से दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी गई. इसी घटना को लेकर जूनियर डॉक्टरों ने डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने इस मामले में पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग की है. और पहचान किए गए अपराधी को जल्द से जल्द सजा देने की भी मांग की है. इसके साथ ही जूनियर डॉक्टरों ने सेंट्रल हेल्थ वर्कर्स एंड हेल्थ एस्टेब्लिशमेंट्स प्रोटेक्शन एक्ट को पूरे देश में लागू करने की मांग की है. वहीं उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड जैसी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है. भारी बारिश के बीच भी जूनियर डॉक्टरों ने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा.

जूनियर डॉक्टरों के इस विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी भी मरीज को असुविधा से दूर रखने के लिए ओपीडी की कमान सीनियर डॉक्टरों ने संभाल रखी थी. इसी दौरान पुलिस भी सुरक्षा के मद्देनजर वहां मौजूद थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed