जगदलपुर: नेतृत्व और अनुशासन के संकल्प के साथ संस्कार द गुरुकुल में इन्वेस्टिचर सेरेमनी संपन्न

जगदलपुर. संस्कार द गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में इन्वेस्टिचर सेरेमनी 2026 का भव्य आयोजन पूरे उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ. “नेतृत्व कोई पद नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है” के मूल विचार को साकार करते हुए आयोजित इस समारोह में विद्यालय की नव-निर्वाचित छात्र परिषद को उनके पद और दायित्वों की शपथ दिलाई गई. कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संस्कृति के अनुसार मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, आरती और दीप प्रज्वलन के साथ हुई.

​समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जगदलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे ने नव-निर्वाचित हेड बॉय, हेड गर्ल, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन और काउंसिल सदस्यों को बैज और सैश पहनाकर सम्मानित किया. इसके बाद पूरे अनुशासन के साथ छात्र परिषद के सदस्यों ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली. विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने सफलता के लिए ‘I.E.D.’ यानी इंटीग्रिटी (ईमानदारी), एम्पेथी (संवेदनशीलता) और डिसिप्लिन (अनुशासन) का जीवन मंत्र दिया. उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने पद को अधिकार नहीं बल्कि सेवा का अवसर समझें और साथ ही डिजिटल मीडिया व मोबाइल का सुरक्षित एवं रचनात्मक उपयोग करें.

​समारोह के समापन पर विद्यालय के निदेशक अमित कुमार जैन, उपनिदेशक नूतन जैन, प्राचार्या हेमलता खेडकर और उपप्राचार्य बीरेन्द्र भारद्वाज ने सभी नव-नियुक्त छात्र प्रतिनिधियों को अपनी शुभकामनाएँ दीं और उनका मार्गदर्शन किया. संपूर्ण आयोजन विद्यार्थियों में उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों के संचार का साक्षी बना.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles