जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). सुरक्षाबल के द्वारा माओवादियों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपेरशन के दौरान बीते कल मंगलवार को जवानों को बड़ी सफलता मिली है. उक्त ऑपेरशन के दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने नक्सलियों की गन फैक्टरी ध्वस्त करने के साथ चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर भारी मात्रा में नक्सलियों के हथियार और विस्फोटक बरामद करने समेत हथियार बनाने की फैक्ट्री को ध्वस्त किया है.

बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि सुरक्षाबल को बीते 12 जनवरी से 16 जनवरी के बीच नक्सलियों के बस्तर संभाग के माड़ और उत्तर बस्तर डिवीज़न कांकेर, नारायणपुर और गढ़चिरौली के बॉर्डर ईलाके से ग्राम उरचापाल, परैधि, पांगुर, टेकामेटा, मुसपर्से और कुकुर इत्यादि इलाक़ों में एसटीएफ, कांकेर डीआरजी, नारायणपुर डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम को सूर्य – शक्ति अभियान के तहत मौके पर के लिए रवाना किया गया था. इस अभियान के दौरान कई जगहों पर सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ के बाद जवानों ने घटनास्थल से बड़ी मात्रा में नक्सलियों द्वारा डंप किये गए सामान बरामद किया है. बस्तर आईजी ने बताया कि इस अभियान के दौरान ही जवानों ने जंगल और पहाड़ियों पर नक्सलियों की बैरल ग्रेनेड लॉन्चर बनाने की फैक्ट्री को ध्वस्त किया है. वहीं जवानों ने मौके पर से ड्रिलिंग मशीन, पंचिंग मशीन के साथ अन्य सामान भी बरामद किया है. बस्तर आईजी ने बताया कि शायद इस भारी मात्रा में घातक सामान के जरिये नक्सली सुरक्षाबलों, आम नागरिकों और सम्पति को नुकसान पहुंचाने की फिराक में थे. सुरक्षाबल के जवानों ने मौके पर से बाईपाड ग्रेनेड लॉन्चर, 14 नग बीजीएल शैल, 2 एयर रायफल, 2 मजल लोडिंग वैपेन, 1 नग 12 बोर बंदूक, 3 इंसास मैगज़ीन, 1 बुशनल टेलिस्कोप, 2 जनरेटर, बेंच क्लेंपिंग मशीन, ड्रिलिंग मशीन, पंचिंग मशीन, टेलरिंग शॉप, वर्दी और भारी मात्रा में राशन सामान बरामद किया है. बस्तर आईजी ने बताया कि ऑपेरशन सूर्य – शक्ति के दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने नक्सलियों के अनेक डेरो को ध्वस्त कर दिया है. इसके साथ ही जवानों ने नक्सलियों द्वारा बनाये जा रहे हथियारों की फैक्ट्री को ध्वस्त कर नक्सलियों के अभेद इलाके में उनके नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया है.

बस्तर आईजी ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने गम्भीर मामलों में शामिल 4 नक्सलियों आयतु राम (26), मनोज हिचामी (22), सुरेश नुरूटी (25) और बुधु राम पड्डा (25) सभी निवासी कांकेर को गिरफ्तार कर लिया है. बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि विगत दिनों में बस्तर संभाग के सभी नक्सल प्रभावित इलाकों में डीआरजी, एसटीएफ, बस्तर फाइटर, सीएपीएफ, कोबरा और जिला बल के जवानों के द्वारा नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. जिसके परिणामस्वरूप संयुक्त पुलिस बल को कई नक्सलियों के खुफिया ठिकानों को ध्वस्त करने, 2 नक्सलियों को ढेंर करने, नक़्सालियों के बंदूक और गोला – बारूद इत्यादि जप्त करने और 65 से ज्यादा नक्सलियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *