हत्या के प्रयास में 7 महीने से फरार दो आरोपी गिरफ्तार, बस्तर पुलिस की कार्रवाई

जगदलपुर. जिले के बस्तर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में बीते सात महीनों से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी जप्त कर लिया है.

​मामला बीते 30 जनवरी 2026 का है, जब बस्तर मेला के दौरान भाटीपारा चौक पर पुरानी रंजिश के चलते सूरज कश्यप नाम के युवक पर जानलेवा हमला किया गया था. इससे पहले इच्छापुर मेला में दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सूरज की आंखों में मिर्ची पाउडर डाला और जान से मारने की नीयत से उस पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में सूरज को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.घटना के दौरान पीड़ित के साथी उदय के साथ भी मारपीट की गई थी. ​प्रार्थी छोटू कश्यप की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. घटना के बाद से ही दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे.

​बीते कल शुक्रवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर फरसा पारा निवासी देवा बघेल (24 वर्ष) और केरागुड़ा पारा निवासी देवनाथ बघेल (23 वर्ष) को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. इसके बाद मुख्य आरोपी देवा बघेल के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा जप्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles