नवीन कश्यप, सुकमा – छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना पोलमपल्ली अंतर्गत आने वाले ग्राम अरलमपल्ली निवासी सोड़ी देवा की हत्या कर दी गई है। शव के पास से माओवादियों के कोंटा एरिया कमेटी का पर्चा भी बरामद किया गया है. घटना बीती रात की है. हत्या की सूचना पुलिस को प्राप्त होते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की तस्दीक की।
एसडीओपी निशांत पाठक ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या आपसी रंजिश के चलते हुई है या माओवादीयो द्वारा इस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं मृतक के परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि वारदात के पीछे के कारणों और संभावित आरोपियों की पहचान की जा सके।
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि हत्या के मामले में सूक्ष्म और गंभीरता से विवेचना की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर कुछ संदेहास्पद नामों की पड़ताल हो रही है और संलिप्त आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। पुलिस का दावा है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।
ज्ञात हो कि सुकमा नक्सल प्रभावित इलाका है, ऐसे में किसी भी हत्या की वारदात को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाती है। पुलिस इस तरह की घटनाओं की गहन जांच इसलिए करती है ताकि यह साफ हो सके कि मामला व्यक्तिगत रंजिश से जुड़ा है या इसके पीछे किसी संगठित आपराधिक या नक्सली गतिविधि का हाथ है।
फिलहाल पुलिस ने कहा है कि मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी पृथक से जारी की जाएगी। घटना के बाद अरलमपल्ली गांव और आसपास के इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है. वहीं ग्रामीण इस वारदात से आक्रोशित भी नजर आ रहे हैं।