दंतेवाड़ा (लुभम निर्मलकर). जिले के बड़े बचेली अनुभाग अंतर्गत अरनपुर–जगरगुंडा घाटी मार्ग पर भारी वर्षा और भू-स्खलन के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से आगामी 48 घंटे एवं वर्षा अवधि तक इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है.
जिला कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीलदार बचेली और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एसडीओ ने मौके का निरीक्षण किया. जांच में पता चला कि 28 जुलाई की रात क्षेत्र में लैंडस्लाइड हुआ था, जिसे लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद अस्थायी रूप से दुरुस्त कर यातायात बहाल किया गया. हालांकि, मौके पर दोबारा निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पहाड़ी से पानी के साथ लगातार मिट्टी का रिसाव हो रहा है, जिससे किसी भी समय फिर से भू-स्खलन होने की आशंका बनी हुई है. इसके अलावा घाटी के अन्य हिस्सों में भी पेड़ गिरने, लैंडस्लाइड और तेज बहाव के कारण सड़क के किनारों के खोखले व क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है. इन परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अरनपुर–जगरगुंडा मार्ग को अगले 48 घंटे एवं वर्षा अवधि तक सभी प्रकार के आवागमन के लिए प्रतिबंधित कर दिया है. प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि में उक्त मार्ग का उपयोग न करें और जारी निर्देशों का पालन करें.
