जगदलपुर (डेस्क) – केरल में एक टीवी डिबेट के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता पिंटू महादेव द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कथित तौर पर “सीने में गोली मारने” की धमकी देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस बयान को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने आज बुधवार को जगदलपुर के सिटी कोतवाली थाना में पिंटू महादेव के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग करते हुए एक आवेदन सौंपा है. यह कार्रवाई शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य और ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा की गई.
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने इस बयान को लोकतंत्र के लिए एक गंभीर खतरा बताया. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी की लोकप्रियता से भाजपा अब पूरी तरह बौखला चुकी है और यही कारण है कि उनके प्रवक्ता खुले मंच पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर हिंसा की भाषा बोल रहे हैं.” सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि पिंटू महादेव का यह बयान भाजपा का “असली चरित्र” देश के सामने उजागर करता है. उन्होंने बयान पर सख्ती के साथ रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने इस अमर्यादित बयान को अत्यंत गंभीर और अस्वीकार्य बताया. उन्होंने आशंका व्यक्त की कि राहुल गांधी के खिलाफ इस तरह की अभद्र बातें भाजपा के शीर्ष नेताओं की शह पर कही जा रही हैं. प्रेमशंकर शुक्ला ने देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए सर्वोच्च न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने और आपत्तिजनक बयानबाजी पर रोक लगाने की मांग की.
कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने पिंटू महादेव के बयान को न केवल आपराधिक अपराध बताया, बल्कि भविष्य में ऐसी हिंसक धमकियां देने वालों को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई को आवश्यक बताया. प्रेमशंकर शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेव के खिलाफ जल्द कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो कांग्रेस पार्टी और भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी.
इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन, गौरनाथ नाग, सूर्यापानी, एम वेंकट राव, अंजना नाग, महामंत्री निकेत झा, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, एस नीला, सायमा अशरफ, उस्मान रजा, सलीम जाफर अली, पार्षद अफरोज बेगम, जस्टिन भवानी, रजत जोशी, मोहसिन खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.