जगदलपुर (डेस्क) – शहर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा बचाव और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आज सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने बिना ड्राइविंग लाइसेंस के मोटरसाइकिल चलाने वाले स्कूली छात्रों को रोककर उनको और उनके पालकों को समझाईश देते हुए नियमानुसार कार्यवाही की है.
बताया गया कि शहर में प्रायः देखने में आ रहा था कि स्कूली छात्र मोटरसाइकिल का उपयोग कर तेज गति से बिना ड्राइविंग लाइसेंस के स्कूल आना – जाना कर रहे है. जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है. इसके बाद इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने ट्रैफिक पुलिस को बिना ड्राइविंग लाइसेंस के मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर स्कूल आने – जाने वाले छात्रों और उनके परिजनों को समझाईश देने और आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए. निर्देश मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस की टीम ने आज शहर में स्थित निर्मल विद्यालय के सामने अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीम को 13 स्कूली छात्र बिना ड्राइविंग लाइसेंस के मोटरसाइकिल चलाते हुए मिले. जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस की टीम ने उक्त छात्रों के पालकों को ट्रैफिक आफिस में बुलाकर आवश्यक समझाईश दी. इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने इस मामले में नियमानुसार कार्यवाही भी की है.
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि उक्त कार्यवाही का मकसद स्कूली छात्रों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने से रोकना और सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं को रोकना है. वहीं इस मामले में बस्तर एसपी ने आम जनता और पालकों से नाबालिग छात्रों को बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नही चलाने देने और छात्रों के आवागमन के लिए स्कूल वाहन या पब्लिक ट्रांसपोर्ट के साधन का इस्तेमाल करते हुए सुरक्षित सफर कर ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है.