जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय ढंग से मनाया गया. समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और परेड का निरीक्षण किया.
मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन और भव्य परेड

ध्वजारोहण के पश्चात उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जनता के नाम संदेश पढ़ा. इस दौरान आकाश में शांति और उल्लास के प्रतीक रंगीन गुब्बारे छोड़े गए. समारोह में जिला पुलिस बल, केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CRPF), नगर सेना, NCC और स्काउट-गाइड की 14 टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट करते हुए सलामी दी.
शहीद परिवारों का सम्मान और सांस्कृतिक छटा

देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए श्री साव ने शहीद परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया. साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली गईं.
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुरस्कृत

समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के उन अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. इसके साथ ही सर्वश्रेष्ठ परेड, झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुति के विजेताओं को भी ट्राफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए.
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस गरिमामय अवसर पर छत्तीसगढ़ बेवरेजेस काॅर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप सहित कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुन्दरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और स्कूली बच्चे उपस्थित थे.