जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर संभाग में बीती रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक चिकित्सक सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. पहली घटना केशकाल थाना क्षेत्र के पास ट्रक और कार की भिड़ंत की है, वहीं दूसरी घटना जगदलपुर के आसना चौक पर दो बाइकों के बीच हुई.

1. ट्रक और कार की भीषण भिड़ंत में डॉक्टर की मौत

​राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशकाल के पास ग्राम गारका में बीती रात एक भीषण हादसा हुआ. लैलूंगा से सुकमा जिले के छिंदगढ़ जा रहे डॉक्टर राजीव भगत की कार (स्विफ्ट डिजायर) सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और डॉक्टर का शव मलबे में दब गया.

​केशकाल थाना प्रभारी के अनुसार, अंधेरे के कारण वाहनों की दूरी का अंदाजा न लग पाना हादसे का कारण हो सकता है. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को कार से बाहर निकाला. डॉक्टर की मौत की खबर से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में चिकित्सक श्रद्धांजलि अर्पित करने केशकाल पहुँचे.

2. आसना चौक पर दो बाइकों की आमने सामने टक्कर, दो युवकों ने तोड़ा दम

​दूसरी घटना जगदलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आसना चौक की है. कोंडागांव जिले के बनियागांव निवासी तीन युवक (जागेश्वर, श्रीराम और एक अन्य) रविवार को दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन कर लौट रहे थे. देर रात आसना के पास उनकी बाइक सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई.

​इस हादसे में जागेश्वर (25 वर्ष) और श्रीराम (25 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई. घटना में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज (मेकाज) ले जाया गया, जहाँ से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है.

दोनों ही मामलों में पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed