जगदलपुर (डेस्क) – केन्द्र में मोदी सरकार के सफलतम 11 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी संकल्प से सिद्धी तक अभियान संपूर्ण देश में चला रही है. आगामी 25 जून तक संगठन स्तर पर विविध आयोजन कार्यकर्ताओं के साथ जनता के बीच भाजपा द्वारा आयोजित हो रहे हैं. शनिवार को पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार टाऊन हाल में भाजपा जगदलपुर मण्डल द्वारा संकल्प सभा का आयोजन किया गया. जिसमें विशेष रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण देव शामिल हुये. श्री देव ने कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के स्वर्णिम 11 साल के कार्यो को जन जन तक पहुंचाने आह्वान किया.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि बीते 11 वर्ष में केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने निरंतर कार्य करते हुये देश को विकसित, सशक्त बनाया है. अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता जनार्दन को मिल रहा है. मोदी सरकार में देश की सीमायें सुरक्षित हुई, भारत आत्मनिर्भर बन रहा है, देश का समग्र विकास मूर्तरूप पा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 वर्ष के कार्यकाल के राष्ट्र हित व जन हित में किये गये असंख्य कार्यों को भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच लेकर जायें.

बेवरेजेस कार्पोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष के कार्यकाल में भारत इतना शक्तिशाली हो गया है कि दुश्मनों के घर में घुसकर उनके दांत खट्टे कर सकता है. आपरेशन सिंदूर के ज़रिये भारत के सशक्त सैन्य शक्ति को सारी दुनिया ने देखा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में विकसित भारत का सपना साकार हो रहा है.

मुख्य वक्ता विद्याशरण तिवारी ने कहा कि संकल्प से सिद्धी तक अभियान में भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता जनता के समक्ष पहुँच कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में 11 वर्ष के स्वर्णिम कार्यकाल की उपलब्धियां बतायें. मोदी सरकार राष्ट्र को वैभव के शिखर पर पहुँचाने निरंतर कार्य कर रही है.

भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय व नगर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश झा ने भी संकल्प सभा को संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अतुल सिम्हा व आभार प्रदर्शन महामंत्री संजय चंद्राकर ने किया. संकल्प सभा में प्रमुख रूप से लच्छू राम कश्यप, योगेन्द्र पाण्डेय, गोदावरी साहू, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, रजनीश पाणिग्रही, नरसिंह राव, सुरेश गुप्ता, सफीरा साहू, आर्येन्द्र आर्य, राजेन्द्र बाजपेयी, आलोक अवस्थी, अविनाश श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला, शशिनाथ पाठक, दशरथ गुप्ता, सूर्य भूषण सिंह,बृजेश शर्मा, आशा साहू, दिलीप झा आदि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed