बस्तर की आराध्य देवी दंतेश्वरी मंदिर में बड़ी चोरी: चांदी और सोने के आभूषण ले उड़े चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जगदलपुर (डेस्क) – छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की अधिष्ठात्री देवी मां दंतेश्वरी के जगदलपुर स्थित ऐतिहासिक मंदिर में बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया. शातिर चोरों ने मंदिर के भीतर रखे बेशकीमती सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया है. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे शहर में हड़कंप मच गया है. फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और जांच जारी है.

पिछले दरवाजे से घुसे चोर, दान पेटी तोड़ने की भी कोशिश

​मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है. चोरों ने मंदिर के पीछे स्थित दरवाजे को तोड़कर भीतर प्रवेश किया. मंदिर के भीतर मौजूद आभूषणों को समेटने के साथ ही चोरों ने दान पेटी को भी तोड़ने का प्रयास किया है. मंदिर के पुजारियों को आज सुबह घटना का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, एक संदिग्ध नजर आया

​बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर की टीम मौके पर पहुँच गई है. मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें एक चोर वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है. पुलिस अब शहर के अन्य चौराहों पर लगे कैमरों की मदद से चोरों के भागने के रूट का पता लगा रही है. साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है.

श्रद्धालुओं के लिए कपाट बंद, जांच जारी

​दंतेश्वरी मंदिर बस्तर की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है. विश्व प्रसिद्ध 75 दिनों के बस्तर दशहरे के दौरान इसी मंदिर से माता का छत्र रथारूढ़ होकर निकलता है. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए हैं. पुजारी और मंदिर समिति के सदस्य नुकसान का आंकलन कर रहे हैं ताकि चोरी हुए आभूषणों की सटीक मात्रा और कीमत का पता चल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles