जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले के नव पदस्थ कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज शुक्रवार को विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया. 2017 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आकाश छिकारा इससे पूर्व संयुक्त सचिव आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी रायपुर विकास प्राधिकरण के पद पर पदस्थ रहे हैं. पदभार ग्रहण करने के बाद जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सीपी बघेल एवं ऋषिकेश तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया.

​कार्यभार संभालते ही कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रशासनिक अमले में नई ऊर्जा भरने और कार्यप्रणाली में सुधार लाने के उद्देश्य से अधिकारियों की पहली परिचयात्मक बैठक ली. बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि अधिकारी अपने कार्यों में गुणवत्ता और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें. उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना के साथ जिले के समग्र विकास हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि बस्तर अन्य जिलों की तुलना में एक बेहतरीन और संभावनाओं वाला जिला है, जहाँ सेवा करने का अवसर मिलना गर्व की बात है. उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारी ऐसा कार्य करें जो लंबे समय तक एक मिसाल कायम करे, क्योंकि जब विभाग की बुनियादी समस्याओं को जड़ से दूर किया जाता है, तो इससे प्रशासन सुदृढ़ होने के साथ-साथ अधिकारी की स्वयं की छवि भी निखरती है.

​मैदानी स्तर पर प्रशासन की पकड़ मजबूत बनाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर ने कड़े कदम उठाते हुए एक निरीक्षण रोस्टर लागू करने पर बल दिया और प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए. उन्होंने सभी अनुविभागीय दंडाधिकारियों को निर्देशित किया कि अब प्रत्येक एसडीएम को अनिवार्य रूप से हर सप्ताह दो-दो स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, सार्वजनिक उचित मूल्य की दुकान, छात्रावास और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करना होगा. इसके अतिरिक्त सभी अधिकारियों को भ्रमण एवं विकास कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए एक विशेष दिन निर्धारित करने को कहा गया है. बैठक में आगामी गणतंत्र दिवस समारोह, दलपत सागर दीपोत्सव और बस्तर पण्डुम के आयोजन हेतु भी चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को तैयारियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए. कलेक्टर ने विभागीय समीक्षा बैठकों में पूरी अद्यतन जानकारी और तैयारी के साथ उपस्थिति सुनिश्चित करने की बात कही. इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, ऋषिकेश तिवारी, प्रवीण वर्मा और सहायक कलेक्टर विपिन दुबे सहित जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed