सुनील कश्यप, सुकमा- नक्सलियों ने एक बार फिर से बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए एक युवक को मौत के घाट उतार दिया है. और घटनास्थल पर पर्चे भी फेंके हैं. घटना के बाद परिवार में मातम छाया है. रो-रोकर परिवार का बुरा हाल हो गया है.
मृतक की माता ने बताया कि बीती रात 8:00 बजे खाना खाकर परिवार के 4 सदस्य घर में सोए हुए थे. इसी दौरान जंगल की ओर से चार नक्सली उनके घर पहुंचे. और घर से उठाकर कुछ ही दूरी पर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद नक्सलियों ने घटनास्थल पर पर्चा भी फेंका है. इस पर्चे में भेज्जी थाना क्षेत्र के ओन्धेरपारा निवासी मड़कम राजू बीते 3 वर्षों से पुलिस मुखबिरी का काम करने का आरोप लगाया है. मुखबिरी का काम छोड़ने के लिए नक्सलियों ने 4 से 5 बार उसे समझाइश भी देने की बात कही है. लेकिन मड़कम राजू ने मुखबिरी का काम नहीं छोड़ा बल्कि भेज्जी थाना प्रभारी के साथ संबंध मजबूत करते हुए और मुखबिरी के कार्य में तेजी लाई. जिसे देखते हुए नक्सलियों के कोंटा एरिया कमेटी ने मौत का फरमान सुनाया. और मड़कम राजू की धारदार हथियार से हत्या कर दी. हत्या के बाद मृतक राजू के छोटे भाई मड़कम रमेश को गंभीर चेतावनी देने की बात भी कही है. हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली वापस जंगल की ओर चले गए.
इधर इस घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबल के जवानों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है. हालांकि घटना को लेकर पुलिस के अधिकारियों की आधिकारिक पुष्टि बाकी है.