बीजापुर (डेस्क) – बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में आज मंगलवार की सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है. विश्वस्त सूत्रों के अनुसार यह जबरदस्त मुठभेड़ गंगालूर थाना क्षेत्र के बोड़ला – पुसनार के जंगलों में जारी है. बताया जा रहा है कि दोनों ओर से रुक – रुक कर फायरिंग हो रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.
सूत्रों के मुताबिक, इस मुठभेड़ में एक जवान के घायल होने की सूचना है. घायल जवान को सुरक्षित स्थान पर निकालने की कोशिश की जा रही है. सुरक्षा बल के जवान जंगल के कठिन और घने इलाके में ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं. इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन पर भेजा गया था, जिसके दौरान यह मुठभेड़ शुरू हो गई. फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
सुरक्षा बल के अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और अतिरिक्त बल को भी मौके पर रवाना किया गया है. मुठभेड़ खत्म होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.