जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर संभाग के जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने क्षेत्र की जनता को 55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 16 महत्वपूर्ण सड़कों की सौगात दी है. यह बड़ी सफलता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव के सतत प्रयासों से ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ (PMGSY) के तहत मिली है.
वर्षों पुराना इंतजार हुआ खत्म
जगदलपुर विधानसभा के ग्रामीण अंचलों, विशेषकर नगरनार, दरभा और नानगुर मंडल के ग्रामीणों द्वारा इन सड़कों की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही थी. विधायक किरण देव ने जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर इसकी पैरवी की थी, जिसके परिणामस्वरूप अब 16 सड़कों के निर्माण की ऐतिहासिक स्वीकृति प्राप्त हुई है.
इन प्रमुख सड़कों का होगा कायाकल्प
स्वीकृत कार्यों में सबसे महत्वपूर्ण तिरिया से पुलचा तक की 14.5 किलोमीटर लंबी सड़क है, जिसकी लागत 16.11 करोड़ रुपये है. इसके अलावा:
● कोलेंग से नेतानार और कोलेंग से साहूकापारा जैसी सड़कों से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी.
● मुंडा गढ़ रोड से टोटापारा (4.74 करोड़) और लैण्डा अटल चौक से भाटागुड़ा (3.35 करोड़) जैसी सड़कों से हजारों की आबादी लाभान्वित होगी.
● नेतानार, जमावाड़ा, काकरवाड़ा और सुरंदवाड़ा जैसे क्षेत्रों में भी नई सड़कों का जाल बिछेगा.
विकास को मिलेगी नई रफ्तार : किरण देव
इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि”हमारी सरकार ‘सुशासन’ और ‘अंत्योदय’ के संकल्प के साथ काम कर रही है. इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान होगी. यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्थानीय रोजगार को नई गति देने वाला कदम है.”