जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में आज नक्सलियों ने एक ट्रक को आग के हवाले कर दिया है। ट्रक में आग लगाने के बाद नक्सली फरार हो गए है। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाबल के जवान मौके पर के लिए रवाना हो चुके है।
सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि तेलांगना राज्य और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित गोदावरी नदी में बीते दिनों भारी बारिश की वजह से बाढ़ आ गई थी। बाढ़ आने की वजह से किस्टाराम थाना क्षेत्र में स्थित कासाराम नाले में बना पुलिया क्षतिग्रस्त हो गया था। उन्होंने इसे ठेकेदार की लापरवाही बताते हुए कहा कि सम्बंधित ठेकेदार ने सुरक्षाबल को बिना दिए बगैर ही क्षतिग्रस्त पुलिया के रिपेयरिंग का काम शुरू कर दिया था। और आज जैसे ही ठेकेदार का ट्रक पुलिया के पास पहुंचा तो इसकी भनक नक्सलियों को लग गई। इसके बाद नक्सलियों पुलिया के पास खड़े ट्रक को आग के हवाले कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वहां से फरार हो गए। एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाबल के जवानों को मौके पर के लिए रवाना कर दिया गया है।