जगदलपुर (डेस्क) – गाय चराने जंगल गया एक नाबालिग माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी बम की चपेट में आने की वजह से गम्भीर रूप से घायल हो गया है. घायल नाबालिग को बेहतर ईलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम थाना क्षेत्र के ग्राम कोण्डापडगु निवासी 16 वर्षीय कृष्णा गोटा बीते कल शनिवार की शाम लगभग 5 बजे गाय चराने जंगल की तरफ गया हुआ था. गाय चराने के दौरान ही कृष्णा का पैर अचानक माओवादियों द्वारा सुरक्षाबल के जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगाये गए प्रेशर आईईडी बम पर पड़ गया. जिसके बाद वहां एक तेज धमाका हुआ. इस हादसे में कृष्णा गम्भीर रूप से घायल हो गया. बताया गया कि कृष्णा के पैर में गम्भीर चोटें आई है. घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल बालक को बेहतर ईलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसका ईलाज जारी है.

वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारी ने कहा कि माओवादियों के लगाए गए आईईडी बम से मासूम बच्चे भी अब सुरक्षित नही है. हिंसा और भय फैलाने के लिए माओवादी अब मासूम बच्चों को भी अपना निशाना बना रहे है. उन्होंने आमजनों से जंगल क्षेत्रों में भ्रमण करते समय विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस थाना या नजदीकी सुरक्षा कैम्प को देने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed